पंचकूला। कार की आरसी कूरियर के माध्यम से मंगवाने के नाम पर एक व्यक्ति से 1.23 लाख की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर सेक्टर-12 साइबर थाना पुलिस में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। सेक्टर-12 निवासी पीड़ित जसबीर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका मनीमाजरा में कार सेल परचेज का काम है।
उन्होंने कार-24 एप से दिल्ली से एक कार खरीदी, जिसकी डिलीवरी बीते 15 जुलाई को हुई। आरसी कूरियर से डिलीवर होनी थी। कूरियर भेजने वाली कंपनी ने जब इसको ट्रैक किया तो पता चला कि उसके घर आरसी डिलीवरी करने ब्वॉय गया था, लेकिन घर पर नहीं होने की वजह से कूरियर वापस चला गया। इसके बाद पीड़ित को इमरजेंसी कूरियर डिलीवरी किए जाने की बात बताई गई और कहा कि मोबाइल पर एक लिंक भेजा जा रहा है।
लिंक के माध्यम से 10 रुपये की पेमेंट इमरजेंसी कूरियर के लिए करने को कहा। पीड़ित ने लिंक पर क्लिक कर 10 रुपये की पेमेंट की। इसके कुछ देर बाद पीड़ित के दो बैंक खाता से 1.23 लाख रुपये निकलनेे का मैसेज आया, जिसके बाद मामले की शिकायत पुलिस और बैंक को दी गई।