दो बाइकों पर सवार चार युवकों ने किया हमला, मुकदमा दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। देहरादून से कार में घूमने जा रहे दोस्तों पर दो बाइकों पर सवार युवकों ने हमला कर दिया। आरोपियों ने पत्थर मारकर कार को भी क्षतिग्रस्त कर दिया और जमकर पिटाई की। इस दौरान पीड़ित की सोने की चेन कहीं गिर गई। कैंप थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। अभी तक पुलिस आरोपियों की पहचान नहीं कर पाई है।
कैंप थाना प्रभारी इंस्पेक्टर मनोज कुमार के अनुसार देहरादून निवासी प्रमोद बोहरा ने शिकायत में बताया कि वह, राहुल, अजय वर्मा व राजेश देहरादून के हिमालय अस्पताल जोली ग्रांट में कार्यरत हैं। चारों दोस्त कार में सवार होकर आगरा घूमने के लिए गए थे। वापस लौटते समय उन्होंने अपने दोस्त बच्चू सिंह परमार से मिलने की योजना बनाई। बच्चू नूंह के नल्हड़ मेडिकल कॉलेज में कार्यरत है। वे ताज एक्सप्रेस से अलीगढ़ रोड पर उतरकर पलवल होते हुए नूंह जा रहे थे। रास्ते में अलीगढ़-पलवल रोड पर दो बाइकों पर सवार चार युवक उनका पीछा करने लगे। एक बाइक सवार ने गाड़ी में लात मारी और कार रोकने के लिए कहा। वे डर के कारण गाड़ी को भगाने लगे। पलवल के समीप स्थित धान मील के पास जाम के कारण कार रोकनी पड़ी। इस दौरान आरोपियों ने बाइक कार के आगे लगा दी।
बाइक सवार ने पत्थर मारकर कार का शीशा तोड़ दिया। डर के कारण उसके दोस्त अपनी जान बचाने के लिए दुकानों की तरफ भाग गए। आरोपियों ने उसे पकड़ लिया और उसके साथ जमकर पिटाई। उसके दोस्तों के साथ भी पिटाई की गई। लोगों ने आकर उन्हें बचाया तो आरोपी मौके से फरार हो गए। इस दौरान उनकी सोने की चेन कहीं गिर गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने आकर उन्हें जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार हुआ। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही उनकी पहचान कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा।