संवाद न्यूज एजेंसी
नगीना। क्षेत्र के नगीना गांव में करहेड़ी रोड स्थित कब्रिस्तान के पास जंगल में 19 वर्षीय युवक का शव पेड़ से लटका मिला। युवक की पहचान साहिल, पुत्र इसराइल के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, साहिल पांच वर्षों से गांव निवासी रंजीत की बिजली की दुकान पर काम करता था। दुकान संचालक ने बताया कि घटना वाले दिन सुबह 11 बजे साहिल दुकान पर आने की बात कहकर निकला था। इसके कुछ घंटे बाद दोपहर करीब एक बजे उसके जंगल में पेड़ से लटके होने की सूचना मिली। ग्रामीण फड़कू के अनुसार, साहिल का शव कब्रिस्तान के पास कीकर के पेड़ से लटका मिला।
साहिल आठ भाइयों में सबसे छोटा था। ग्रामीण इमरान ने बताया कि फिलहाल परिवार और गांव के किसी व्यक्ति ने किसी पर शक जाहिर नहीं किया है। थाना प्रभारी अजयवीर ने बताया कि पुलिस मामले की हर पहलू से बारीकी से जांच कर रही है। मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मांडीखेड़ा जिला अस्पताल भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।