फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लूट का विरोध करने पर युवक की गोली मारकर हत्या,आल्हापुर पुल के समीप नकाबपोश बदमाशों ने

विज्ञापन
पलवल अस्पताल में पोस्टमार्टम कार्रवाई के दौरान मौजूद मृतक नितिन के परिजन। - फोटो : Palwal
विज्ञापन
पलवल। राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित आल्हापुर पुल के समीप नकाबपोश बदमाशों ने लूट का विरोध करने 23 वर्षीय नितिन की गोली मारकर हत्या कर दी। नितिन साथी के साथ बुलेट से वृंदावन घूमकर दिल्ली लौट रहा था। घटना शनिवार देर रात करीब 10:30 बजे की है। नितिन ने बैग नहीं दिया तो बदमाशों ने उसे गोली मार दी। हत्या के बाद लुटेरे दोनों युवकों के बैग लूटकर फरार हो गए। साथी ने राहगीरों की मदद से मामले की सूचना शहर थाना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां रविवार को पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने इस मामले में तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
विज्ञापन

भवनकुंड पुलिस चौकी प्रभारी विनोद देशवाल के अनुसार, दिल्ली के छतरपुर क्षेत्र स्थित राजपुर खुर्द निवासी गोविंद ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि वह उत्तर प्रदेश स्थित मथुरा जिले के वृंदावन में तिवारी हाउस निवासी नितिन के साथ गुरुग्राम स्थित एक कंपनी में काम करता था। कंपनी में नितिन सलाहकार पद पर काम करता था। शुक्रवार को वह नितिन के साथ उसके घर गया था। शनिवार को वह नितिन के साथ बुलेट से दिल्ली लौट रहा था। रात करीब 10:30 बजे आल्हापुर फ्लाईओवर पार करते समय अचानक बुलेट बंद हो गई। इसके बाद साइड पर बुलेट खड़ी कर दी। तभी साफी से मुंह ढके दो बदमाशों ने कहा कि जो तुम्हारे पास है, वह हमें निकाल कर दो। गोविंद ने अपना बैग लुटेरों के हवाले कर दिया। लुटेरे नितिन से बैग लूटने लगे तो उसने विरोध जताया। इसी दौरान एक बदमाश ने तमंचा निकालकर जान से मारने की धमकी दी और बैग छोड़ने की बात कही। नितिन ने बैग नहीं दिया तो लुटेरे ने नितिन की छाती में गोली मार दी। गोली लगते ही नितिन जमीन पर गिर पड़ा। जमीन पर गिरते ही लुटेरे नितिन का बैग लूटकर सड़क के दूसरी तरफ बाइक पर खड़े बदमाश के साथ फरार हो गए। गोविंद ने मदद के लिए सफेद रंग की स्विफ्ट कार को रोका तो उसमें बैठे दंपती ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल नितिन को जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसको मृत घोषित कर दिया। जांच अधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि पूरी घटना की फोरेंसिक जांच करवाई गई है। आरोपियों की पहचान के लिए सीसीटीवी कैमरों की भी मदद ली जा रही है।
दोस्त को दर्शन करवाकर वापस लौट रहा था नितिन
वृंदावन निवासी नितिन अपने दोस्त गोविंद को श्री बांके बिहारी जी के दर्शन कराने के लिए ले गया था। वहां नितिन ने गोविंद को दर्शन कराए। वृंदावन के प्रसिद्ध मंदिरों के दर्शन के बाद शनिवार को दोनों ड्यूटी पर गुरुग्राम लौट रहे थे। मंदिर से लाए प्रसाद को घर पहुंचाने के लिए पहले गोविंद को दिल्ली के छत्तरपुर जाना था। इसलिए दोनों पलवल से फरीदाबाद के रास्ते जा रहे थे, जहां आल्हापुर पुल के समीप उन्हें वारदात का शिकार होना पड़ा।
विज्ञापन

बैग दे देता तो बच जाती नितिन की जान
गोविंद ने बताया कि नितिन ने लुटेरों से जरूरी दस्तावेज होने की बात कहकर बैग न लेने की गुहार लगाई। उसकी जगह नितिन ने मोबाइल और रुपये लेने की बात कही, लेकिन लुटेरे बैग लेने की जिद पर अड़ गए। गोविंद ने भी अपने दोनों फोन व रुपये देने के लिए कहा, लेकिन लुटेरे नहीं माने। बैग में नितिन के पहचान पत्र, कंपनी इंट्री कार्ड सहित अन्य दस्तावेज थे। बैग नहीं देने पर लुटेरों ने नितिन को गोली मार दी।
पुलिस सहायक बूथ नहीं आया काम
राष्ट्रीय राजमार्ग पर दुर्घटना और लूट के दौरान लोगों की सहायता के लिए पुलिस सहायता बूथ बनाए गए थे। इन बूथों पर एक पीसीआर के साथ पुलिसकर्मी 24 घंटे तैनात रहते थे, लेकिन कुछ समय से बूथ वीरान पड़े हैं। बूथ पर पुलिस की मौजूदगी को दर्शाने के लिए तेज लाइट भी जलती थी, लेकिन अब इन बूथों पर कोई पुलिस कर्मी मौजूद नहीं रहता है। कई बूथ आंधी के कारण क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। हैरत की बात है कि जिस स्थान पर लुटेरों ने हत्या की है, उस स्थान के नजदीक ही पुलिस सहायता बूथ बनाया गया था। घटना के समय बूथ पर कोई पुलिस कर्मी तैनात नहीं था। यदि बूथ पर कोई होता तो शायद नितिन की जान बच जाती।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें