पलवल। जमीनी विवाद में गांव छज्जूनगर निवासी एक 23 वर्षीय युवक की हत्या कर शव गांव दहलाका के जंगल की झाड़ियों में फेंक दिया। गदपुरी थाना पुलिस ने मृतक के पिता की शिकायत पर 10 नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। हालांकि अभी तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तार नहीं हुई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कर परिजनो को सौंप दिया गया।
जांच अधिकारी वीरेंद्र ने बताया कि गांव छज्जूनगर निवासी लखवीर ने शिकायत दर्ज कराई है कि उसका पुत्र प्रदीप 20 अक्तूबर को बाइक पर अपनी बहन सविता को उसकी ससुराल छोड़ने गांव जौरासी गया था। 23 अक्तूूबर को वापस घर आ रहा था और रास्ते में सोहना में विकास के पास रुक गया। जिसके बाद से उसका पता नहीं चला। 23 अक्तूबर की देर शाम उन्हें सूचना मिली कि उनके पुत्र का शव गांव दहलाका के जंगल में झाड़ियों में मिला है और सिविल अस्पताल के शवगृह में रखा हुआ है। पीड़ित ने परिवार के साथ सिविल अस्पताल पहुंचकर प्रदीप के शव की पहचान की। शिकायत में बताया कि उनके पुत्र की हत्या गांव जैंदापुर निवासी सिंगराम, इंदर, रॉकी, बबिता, गांव छज्जूनगर निवासी मनोज, कृष्ण, राहुल, भगत सिंह, कमल सिंह व हाजीपुर सोहना निवासी नेपाल डीलर ने की है और शव को झाड़ियों में फेंक दिया। गांव दहलाका में उसकी पत्नी के नाम पर जमीन है, जिसको लेकर सिंगराम से उसका विवाद चल रहा है। उनकी गांव में मनोज से लड़ाई-झगड़े की रंजिश चल रही है। इसी रंजिश के चलते सभी ने मिलकर उनके पुत्र की हत्या की है।