पलवल। हुडा चौक स्थित जिम से लौट रहे गांव अलावलपुर निवासी अनूप की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना शनिवार रात करीब आठ बजे की है। बाइक पर सवार होकर आए हत्यारे घटना के बाद कार में बैठकर फरार हो गए। शहर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। पुलिस ने आरोपियों की बाइक को भी कब्जे में ले लिया है। खबर लिखे जाने तक पुलिस को शिकायत नहीं मिली।
शहर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अनूप सिंह ने बताया कि शनिवार देर शाम गांव अलावलपुर निवासी 30 वर्षीय अनूप हुडा सेक्टर-दो चौक स्थित जिम में कसरत करने के बाद लौट रहा था। तभी वह जिम के पीछे गांव मुजेसर निवासी सतबीर के मकान के बाहर बैठ गया। इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाशों ने अनूप को सीधी गोली मार दी, जिससे मौके पर ही उसकी मौत ही गई। घटना के बाद आरोपी बाइक छोड़कर कार से फरार हो गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।