संवाद न्यूज एजेंसी
नगीना। नगीना के राजीव गांधी खेल स्टेडियम की जर्जर हालत और खिलाड़ियों को हो रही असुविधाओं को लेकर 6 जुलाई को अमर उजाला में प्रमुखता से प्रकाशित खबर के बाद स्थानीय प्रशासन हरकत में आया और स्टेडियम के कायाकल्प की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।
बीडीपीओ विशाल आजाद ने बताया कि स्टेडियम के मैदान को समतल और बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए थे, जिस पर अधिकांश काम पूरा हो चुका है। बाकी कार्य भी जल्द पूरे कराए जाएंगे। वहीं, लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता आकिल ने बताया कि जर्जर इमारत, बदहाल बाथरूम और अन्य बुनियादी सुविधाओं की प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कराई जा रही है। जिले के छह स्टेडियमों के सुधार के लिए करीब 97 लाख रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है।
स्टेडियम के कोच मनोज कुमार ने कहा कि लंबे समय से सुविधाओं में सुधार की मांग की जा रही थी, लेकिन खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन ने गंभीरता दिखाई है। खिलाड़ी सिद्धि जैन ने कहा कि 10 एकड़ में फैले स्टेडियम की व्यवस्था सुधरने से युवाओं को अभ्यास में सुविधा मिलेगी और वे खेलो मेवात जैसी प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर तैयारी कर सकेंगे।