- पुलिस ने छह नामजद के खिलाफ किया मुकदमा दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। उधार दिए 80 हजार रुपये वापस मांगे तो महिला पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपियों ने चाकू से वार कर महिला को गंभीर रूप से घायल कर दिया और जान से मारने व एससी-एसटी एक्ट के केस में फंसाने की धमकी दी। कैंप थाना पुलिस ने महिला की शिकायत पर छह नामजद सहित अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
कैंप थाना प्रभारी इंस्पेक्टर दिनेश कुमार के अनुसार शमशाबाद निवासी अंजू ने शिकायत दर्ज कराई है कि उसके पति के ड्यूटी जाने के बाद वह अपने घर पर अकेली रहती है। उसके सामने वाले घर में सविता अपने परिवार के साथ रहती है। कुछ समय पहले उससे सविता ने अपने पति के इलाज के लिए 80 हजार रुपये उधार लिए। पति की मौत बाद सविता ने रुपये देने से इंकार कर दिया। अंजू द्वारा उधार दी गई राशि को वापस देने के कहा तो उसने जान से मारने व एससी-एसटी एक्ट में फंसाने की धमकी दी। कुछ समय बाद विजय को भेजा और जान से मारने की धमकी देते हुए मकान खाली करने के लिए कहा। वहीं, पड़ोस में रहने वाला धर्मसिंह भी सविता का साथ देने लगा। बीती पांच जून को धर्मसिंह शराब पीकर आया और गालियां देने लगा। उसके बाद धर्मसिंह, नीरज, धीरज, भारती, विजय व सविता लाठी-डंडा लेकर उसके घर में घुस आए और मारपीट शुरू कर दी। उस पर चाकू से वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। शोर मचाने आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।