मुख्यमंत्री उड़नदस्ता की कार्रवाई में सलमा हॉस्पिटल पर छापा, बिना डिग्री चला रही थी
हथीन। मुख्यमंत्री उड़नदस्ता फरीदाबाद की टीम ने सोमवार को पलवल जिले के गांव भीमसीका स्थित सलमा हॉस्पिटल पर छापा मारकर अवैध रूप से चल रहे गर्भपात रैकेट का पर्दाफाश किया। इस दौरान टीम ने एक नाबालिग का अवैध गर्भपात कर रही महिला को रंगे हाथ पकड़कर हिरासत में ले लिया। कार्रवाई के दौरान अस्पताल में एक अन्य महिला का भी गर्भपात किए जाने की तैयारी चल रही थी। यह कार्रवाई विश्वसनीय सूचना के आधार पर स्वास्थ्य विभाग एवं सीएम फ्लाइंग टीम ने संयुक्त रूप से की।
सूचना के आधार पर सीएम फ्लाइंग के इंस्पेक्टर भगत सिंह, उप सिविल सर्जन एवं जिला नोडल अधिकारी डॉक्टर संजय शर्मा, जिला ड्रग्स कंट्रोलर प्रवीण दहिया एवं लेडी मेडिकल अफसर डॉक्टर ज्योति की टीम ने संयुक्त रूप से सलमा नर्सिंग होम पर छापा मारा। आरोपी महिला ने टीम को देखकर औजार छिपाने का भी प्रयास किया, लेकिन टीम ने सभी औजार बरामद कर लिए। इसके अलावा नाबालिग से लिए गए दो हजार रुपये भी बरामद किए गए हैं। इसके अलावा मिजोप्रोस्टोल टैबलेट की पांच स्ट्रिप, दो एमटीपी किट, अन्य प्रतिबंधित दवाएं और गर्भपात में प्रयोग होने वाले उपकरण भी बरामद किए।
इस दौरान सामने आया कि सलमा हॉस्पिटल बिना किसी वैध पंजीकरण और चिकित्सकीय योग्यता के चलाया जा रहा था। अस्पताल की संचालिका सलमा मौके पर मौजूद मिली, जिसने पूछताछ में स्वीकार किया कि उसके पास अस्पताल संचालन की कोई मान्यता प्राप्त डिग्री नहीं है। वह केवल बंगलुरू स्थित टीबी स्कूल ऑफ मेडिसिन से जीएनएम का कोर्स कर रही हैं और अभी द्वितीय वर्ष की छात्रा हैं। वह पिछले एक वर्ष से इस स्थान पर अवैध रूप से अस्पताल चला रही थीं और एक गर्भपात के बदले सात से आठ हजार रुपये लेती थीं।
नाबालिग व दूसरी महिला को महिला चिकित्सकों की निगरानी में नागरिक अस्पताल पलवल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। बाल संरक्षण अधिकारी और महिला पुलिस अधिकारी की देखरेख में नाबालिग का बयान दर्ज किया जा रहा है। पुलिस द्वारा पोक्सो एक्ट सहित अन्य कानूनी धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। संयुक्त टीम ने अवैध अस्पताल संचालन, बिना लाइसेंस दवाओं का प्रयोग, भ्रूण हत्या और नाबालिग का अवैध गर्भपात जैसे गंभीर अपराधों को देखते हुए आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
उप जिला सिविल सर्जन एवं जिला नोडल अधिकारी डॉक्टर संजय शर्मा ने बताया कि इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई कर उटावड थाना में केस दर्ज कराया जा रहा है। सीएम फ्लाइंग टीम के इंस्पेक्टर भगत सिंह ने बताया कि इस मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जांच के दौरान जो भी अन्य दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर सीएम फ्लाइंग के सब इंस्पेक्टर राजेन्द्र सिंह, असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर शिव कुमार भी मौजूद रहे। सलमा मूल रूप से नूंह जिले के भादस गांव की है। सलमा नर्सिंग होम के बोर्ड पर एक अन्य बीएएमएस डॉक्टर का नाम भी लिखा हुआ मिला, लेकिन वह कार्रवाई के दौरान मौके पर हाजिर नहीं मिला। नर्सिंग होम पर छापा मारने पहुंची टीम को देखकर वहां भीड़ एकत्रित हो गई।
एक हफ्ते में अवैध गर्भपात का दूसरा मामले
पलवल। मुख्यमंत्री उड़नदस्ता फरीदाबाद ने जिला पलवल की राजीव कॉलोनी में भी 19 मई को एक अवैध गर्भपात करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया था। सूचना के आधार पर सिविल अस्पताल पलवल की टीम ने डिकॉय बनाकर कार्रवाई की। आरोपियों ने 20,000 रुपये में गर्भपात करने की बात कही और महिला को चौहान हॉस्पिटल बुलाया। पूनम नामक महिला अपने घर में यह कार्य कर रही थी। टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ा। मौके से दवाइयां, उपकरण व नकदी बरामद हुई। पूनम ने बताया कि उसे यह सामग्री डॉ. सुंदर द्वारा दी गई थी। पूनम, डॉ. सुंदर व सहयोगी रोहित के खिलाफ पुलिस केस दर्ज किया गया।