दो साल पहले इंस्टाग्राम पर हुई थी दोस्ती, गाजियाबाद की महिला को गुजरात से कराया मुक्त
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। जिले की रहने वाली एक युवती पर गाजियाबाद की एक विवाहित ने समलैंगिक संबंध बनाकर यौन शोषण और अश्लील वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करने का गंभीर आरोप लगाया है। गाजियाबाद पुलिस ने महिला की शिकायत पर पलवल निवासी आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही, गुजरात जाकर पीड़िता को आरोपी के चंगुल से मुक्त भी कराया।
पलवल निवासी युवती की गाजियाबाद में रहने वाली महिला से जान पहचान 2023 में इंस्टाग्राम से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच दोस्ती बढ़ी। सितंबर 2023 में पलवल में रहने वाली युवती ने महिला को गाजियाबाद बुलाया। महिला का आरोप है कि बस स्टैंड पर उसे गन्ने का जूस पिलाया गया, जिसमें नशीला पदार्थ मिला था। इसके बाद आरोपी महिला और उसकी एक साथी युवती उसे होटल में ले गईं। वहां उसके साथ जबरन समलैंगिक संबंध बनाए गए और अश्लील वीडियो बना लिया गया।
इसके बाद आरोपी ने वीडियो और फोटो वायरल करने की धमकी देकर महिला का कई बार शारीरिक शोषण किया। महिला का आरोप है कि आरोपी ने ब्लैकमेल कर उसे अलग-अलग जगहों पर बुलाया और हर बार वीडियो बनाए। पीड़िता के अनुसार, 14 अगस्त 2024 को आरोपी ने एक एड्रेस भेजा और बुलाकर उसे गुजरात ले गई। जहां किराये के कमरे में उसे बंधक बनाकर रखा गया। वहां भी उसके साथ लगातार अप्राकृतिक संबंध बनाए गए और प्रताड़ित किया गया।
महिला के पति ने गाजियाबाद थाने में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। टेक्निकल सर्विलांस के जरिए गुजरात में लोकेशन ट्रेस हुई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए गुजरात जाकर महिला को मुक्त कराया। गाजियाबाद एडिशनल पुलिस कमिश्नर आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि आरोपी पलवल निवासी और उसकी साथी के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस साइबर क्राइम, महिला उत्पीड़न, ब्लैकमेलिंग और अप्राकृतिक शोषण के मामलों की जांच कर रही है। पीड़िता की शादी को 10 साल हो चुके हैं और उसका पति निजी कंपनी में कार्यरत है। महिला घटना के बाद गहरे सदमे में है। पुलिस मामले को संवेदनशील मानते हुए तेज कार्रवाई कर रही है।