संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। मामूली कहासुनी होने पर पति ने पत्नी की ईंट से पीट-पीटकर हत्या कर दी और शव को ईंधन के बीच रखकर जलाने का प्रयास किया। दोनों पति-पत्नी में अलाव जलाने के लिए खेतों में उपले व लकड़ी लेने के लिए गए थे, जहां उनका आपस में विवाद हो गया। शव को आग लगा आरोपी मौके से फरार हो गया। ग्रामीणों ने आग को बुझाया और मामले की सूचना मुंडकटी थाना पुलिस को दी। पुलिस ने अधजले शव को कब्जे में लेकर जिला नागरिक अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने मृतक के भतीजे की शिकायत पर आरोपी पति के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। अभी तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मुंडकटी थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार के अनुसार गांव सराय खटैला निवासी देवेंद्र ने शिकायत दर्ज कराई है कि उसके चाचा सूखाराम गांव में ही चौकीदारी का कार्य करता है। मंगलवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे उसका सूखाराम अपनी 51 वर्षीय पत्नी रंभूली के साथ अलाव जलाने के लिए उपला व लकड़ी लेने के लिए खेतों में गए थे। खेत में दोनों पति-पत्नी की किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। कहासुनी के दौरान सूखाराम को गुस्सा आ गया और उसने ईंट से अपनी पत्नी के सिर पर कई वार कर हत्या कर दी। हत्या के बाद सूखाराम ने अपने पत्नी के शव को उपलों में रखकर आग लगा दी और मौके से फरार हो गया। खेतों से गुजर रहे बच्चों ने मामले की सूचना ग्रामीणों को दी। ग्रामीणों ने तुरंत मौके पर पहुंच कर आग को बुझाया और मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर अधजले शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए जिला नागरिक अस्पताल में भिजवाया।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी पति के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। अभी तक की जांच में पता चला है कि आरोपी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। उसने पहले अपनी पत्नी के सिर पर ईंट से वार कर हत्या की, उसके बाद शव को उपलों के बीच रखकर आग लगा दी। मौके पर फोरेंसिक टीम ने पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।