नूंह। अतिरिक्त उपायुक्त ज्योति ने बृहस्पतिवार को लघु सचिवालय स्थित कांफ्रेंस हॉल में अधिकारियों एवं शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधियों की बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों तथा महाविद्यालयों में निर्वाचन साक्षरता क्लबों (ईएलसी) का गठन और उनका पंजीकरण निर्धारित पोर्टल पर करवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि इन क्लबों के माध्यम से लोकतांत्रिक मूल्यों, निर्वाचन प्रक्रिया, मतदान के महत्व तथा मतदाता के अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया जाए।
उन्होंने कहा कि बदलते समय और डिजिटल माध्यमों के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए ईएलसी 2.0 के माध्यम से इस कार्यक्रम को अधिक प्रभावी, नियमित एवं डिजिटल स्वरूप दिया जा रहा है। विद्यालय स्तर पर 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को निर्वाचन साक्षरता क्लबों से जोड़ा जाएगा। इसी प्रकार महाविद्यालय स्तर पर नए मतदाताओं के पंजीकरण, ईसीआईनेट तथा पहली बार मतदान करने वाले युवाओं को निर्वाचन प्रक्रिया की जानकारी देने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।