संवाद न्यूज एजेंसी
तावड़ू। नई अनाज मंडी परिसर में एक दशक से लावारिस गोवंश और सूअरों का आतंक है, जिससे व्यापारी और किसान बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। सूअरों के कारण अनाज की बोरियों और खुले में रखी फसलों को भारी नुकसान हो रहा है। व्यापारियों के अनुसार, सूअर सरसों को छोड़कर गेहूं, चना, ज्वार, बाजरा जैसी लगभग सभी फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं, वे अपनी थूथन से बोरी या ढेर को फाड़ देते हैं, जिससे फसल बिखर जाती है और सिलाई भी संभव नहीं रहती। नतीजतन व्यापारियों को आर्थिक नुकसान के साथ-साथ मंडी में फैल रही गंदगी से भी परेशान होना पड़ रहा है।
मुख्य व्यापारी कालीचरण कालू, नरेश कुमार, शाहिद, सोनू और अन्य स्थानीय युवकों विजय, पंकज, नसीम आदि ने बताया कि एक स्थानीय व्यक्ति के इन सूअरों के मालिक होने के बावजूद बार-बार गुहार लगाने पर भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। व्यापारियों ने कई बार लिखित शिकायतें दीं, मंडी प्रशासन से बैठकें कीं और जनप्रतिनिधियों के समक्ष भी मुद्दा उठाया, पूर्व विधायक एवं मंत्री कुंवर संजय सिंह तथा वर्तमान विधायक तेजपाल तंवर सहित अन्य प्रतिनिधियों को अवगत कराया गया, लेकिन कोई समाधान नहीं हो पा रहा।
इसके अलावा मंडी में आवारा गोवंश का भी आतंक है, जहां एक व्यक्ति की दर्जनों गाय नियमित रूप से आती रहती है, वहीं मंडी में बुनियादी सुविधाओं की कमी भी है जैसे सार्वजनिक शौचालय की खराब हालत। खास बात यह है कि तावडू में एसडीएम कार्यालय और डीएसपी कार्यालय भी किसान भवन में संचालित हैं। जहां एसडीएम परिसर के सामने भी सूअरों का आतंक देखा जा सकता है। मंडी व्यापारी नरेश ललता का कहना है कि यह सिर्फ व्यापारियों की ही समस्या नहीं किसानों की भी समस्या है।
वहीं, प्रधान मंडी एसोसिएशन तावड़ू संजय गोयल का कहना है कि संबंधित विभाग को एक बार फिर इस समस्या से अवगत कराया जाएगा। वहीं, सचिव मार्केट कमेटी तावड़ू मनीष कुमार का कहना है कि मामला उनके संज्ञान में है, नगर पालिका प्रशासन को इस बारे में पत्र लिखा जाएगा।