आईसीयू में तोड़फोड़, एक महिला नर्स को भी किया चोटिल
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। अपैक्स अस्पताल में रविवार सुबह इलाज के दौरान एक मरीज की मौत के बाद उसके परिजनों ने जमकर हंगामा किया। आईसीयू में घुसकर डॉक्टर और स्टाफ के साथ मारपीट की। वहीं, लोगों ने आईसीयू उपकरणों और फर्नीचर को नुकसान पहुंचाया। अस्पताल प्रबंधन ने आरोपियों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी है और एफआईआर दर्ज करवाई गई है।
मामला 25 मई सुबह करीब 11:30 बजे का है, जब मरीज राहुल, निवासी अलावलपुर की मौत इलाज के दौरान आईसीयू में हो गई। राहुल को 23 मई को शराब की अधिकता से पेट दर्द और उल्टी की शिकायत पर भर्ती कराया गया था। 25 मई की सुबह राहुल अचानक बेहोश होकर गिर पड़ा। आईसीयू में मौजूद डॉक्टरों और स्टाफ ने तुरंत सीपीआर और मेडिकल सहायता दी, लेकिन मरीज को बचाया नहीं जा सका।
मरीज की मौत की सूचना मिलते ही करीब 10–12 परिजन अचानक आईसीयू में घुस आए और अस्पताल स्टाफ पर हमला कर दिया। डॉ. अभिषेक जैन को गंभीर रूप से पीटा गया, जिनके सिर, गर्दन और हाथों पर चोटें आईं। एक महिला नर्स को भी मारपीट में चोटें आईं। स्टाफ और अन्य मरीज डर के मारे सहम गए। आरोप है कि हमलावरों ने डॉक्टर को जान से मारने की धमकी दी और आईसीयू में रखे उपकरणों को भी फेंका।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक हमलावर भाग चुके थे। अस्पताल प्रबंधन ने पूरी घटना का वीडियो फुटेज पुलिस को सौंपा है और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। एसएचओ कैंप थाना की उपस्थिति में शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवाया गया।
-
पीड़ित की शिकायत प्राप्त होने पर मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल जांच जारी है और जांच के आधार पर आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। -जितेंद्र, कैंप थाना प्रभारी