होडल। हसनपुर में नौकरियों में व्याप्त भ्रष्टाचार को लेकर युवाओं ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। सैकड़ों युवाओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। हरियाणा युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दिव्यांशु बुद्धिराजा के निर्देश पर प्रदर्शन हुआ। इससे पहले युवाओं ने बस स्टैंड के निकट विधानसभा युवा अध्यक्ष सोनू भारद्वाज के नेतृत्व में डॉ. इजहार, दीपक बजाज, अरशद खान, राहुल सौरोत, जीतू महलावत, चेतन सौरोत, विष्णु सहित दर्जनों अन्य युवाओं द्वारा बैठक का आयोजन किया गया। सभी युवा जुलूस के रूप में कस्बे के विभिन्न बाजारों से होते हुए तालाब चौक पहुंचे, जहां प्रदर्शन का समापन किया गया।
सोनू भारद्वाज ने कहा कि भाजपा सरकार में बेरोजगारी चरम सीमा पर है। सरकारी नौकरियों में जमकर भ्रष्टाचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार ने अपने घोषणा पत्र में युवाओं को रोजगार देने का वादा किया था। आज का युवा शिक्षित वर्ग नौकरी के लिए दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि पिछले दिनों एचपीएससी के अधिकारी नौकरी के नाम पर मिले करोड़ों रुपये ने सरकार की करनी और कथनी का अंतर साफ कर दिया है। एक तरफ सरकार भ्रष्टाचार पर पूरी तरह अंकुश लगाने और पूरी पारदर्शिता के साथ नौकरी देने के दावे कर रही है, लेकिन आज भाजपा सरकार में पैसे लाओ नौकरी पाओ का खेल खुलेआम चल रहा है।