11पीएएलपी2- अस्पताल में विलाप करते कर्मचारी के परिजन।
11पीएएलपी3- मृतक सुरेंद्र का फाइल फोटो
बघौला के समीप पैदल चल रहे कर्मचारी को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर
मंडकौला के समीप दो बाइकों की भिड़ंत में एक व्यक्ति की मौत
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में कंपनी कर्मचारी सहित दो लोगों की मौत हो गई। राष्ट्रीय राजमार्ग पर गांव बघौला के समीप सड़क किनारे पैदल चले रहे कर्मचारी की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। कर्मचारी मूलरूप से बिहार का निवासी था। इसके अलावा मंडकौला से बाइक पर वापस भरतपुर लौट रहे व्यक्ति की बाइक की टक्कर से मौत हो गई। संबंधित थाना पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर अज्ञात चालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पहले मामले में गदपुरी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजबीर सिंह के अनुसार, दिनेश रविदास ने शिकायत दर्ज कराई है कि बिहार के लक्खी सराय निवासी उसका जीजा सुरेंद्र गांव बघौला स्थित एक निजी कंपनी में काम करता था। शनिवार शाम को वह घर से कंपनी की तरफ पैदल जा रहा था। रास्ते में राष्ट्रीय राजमार्ग पर किसी अज्ञात वाहन ने राजेंद्र को टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। घायलावस्था में उसे जिला नागरिक अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वहीं दूसरे मामले में राजस्थान के जिला भरतपुर स्थित गांव उदयपुर निवासी आशीष ने शिकायत दर्ज कराई है कि उसके पिता बृजलाल अपने रिश्तेदार के यहां पलवल के गांव मंडकौला आए हुए थे। वापस लौटते समय गांव मंडकौला के समीप तेज गति से आए बाइक सवार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल उनके पिता को जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से हालत गंभीर होने के कारण नल्हड़ मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया। रास्ते में उनकी मौत हो गई।