बागपुर मार्केट का मामला, डंडे बरामद, चार पहुंच चुके जेल
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी पलवल। चांदहट थाना क्षेत्र के बागपुर मार्केट में दुकानदार पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गांव बलई निवासी भीम सिंह और सौरव के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल डंडे भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार यह हमला पुरानी रंजिश के चलते किया गया था। शिकायतकर्ता नेमवती के मुताबिक 10 जून को दोपहर के समय मेन मार्केट में स्पेयर पार्ट्स की दुकान चलाने वाले उनके पति थान सिंह उर्फ धर्मी पर 13 नामजद और 8 से 10 नकाबपोश लोगों ने लाठी-डंडों, तलवार, फरसा और फावड़े से हमला किया था। आरोप है कि हमलावरों ने दुकान में घुसकर उन्हें धक्का देकर बाहर फेंका और गंभीर रूप से घायल कर दिया।
चांदहट थाना प्रभारी नरेंद्र ने बताया कि पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पहले दो आरोपियों को जेल भेजा था। अब तक कुल चार आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।