गिरफ्तारी के विरोध में जिला बार एसोसिएशन ने दी हड़ताल की चेतावनी
पलवल। गांव पातली में जमीनी विवाद में की गई फायरिंग मामले में शहर थाना पुलिस ने आरोपी वकील सहित दो को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान गांव छपरौला निवासी कुलबीर सिंह व तरुण के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कारतूसों के खाली खोल, जिंदा कारतूस व चार गाड़ियां बरामद की हैं। रविवार को दोनों आरोपियों को जिला नागरिक अस्पताल में मेडिकल परीक्षण के बाद अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। वहीं, दूसरी ओर जिला बार एसोसिएशन के प्रधान रविंद्र चौहान उर्फ टीटू ने बताया कि पलवल पुलिस द्वारा गलत तरीके से वकील कुलवीर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। उन्होंने हड़ताल की चेतावनी देते हुए कहा कि सोमवार को बैठक कर आगे की रणनीति पर निर्णय लिया जाएगा।
बता दें कि पांच जनवरी को गांव पातली में जमीन विवाद में हथियारों से लैस युवकों ने ग्रामीणों द्वारा विरोध करने फायरिंग शुरू कर दी थी। सूचना पर पहुंची शहर थाना पुलिस ने स्थिति को संभाला। मामले में गांव पातली निवासी मनोज कुमार के शिकायत पर हथियारों के बल पर जानलेवा हमला सहित संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। संवाद