तिरंगा लाइटों के खंभों पर लगे अवैध बैनर व होर्डिंग सुंदरता को कर रहे खराब
राहुल राज
पलवल। जिला प्रशासन ने स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर शहर में सौंदर्यीकरण का काम तेज कर दिया है। वहीं, 36 लाख रुपये की लागत से लगाई कई लाइटें खराब पड़ी है, जिसका अधिकारी सुध तक नहीं ले रहे हैं। इसके अलावा अवैध बैनर व होर्डिंग, जो तिरंगा लाइटों के खंभों पर लगे हैं वह सुंदरता को और खराब कर रहे हैं।
नगर परिषद ने शहर के सौंदर्यीकरण और नागरिकों में राष्ट्रभक्ति की भावना जगाने के लिए सड़कों पर बनी स्ट्रीट लाइट के खंभों पर तिरंगा एलईडी लाइटें लगाई थी। लाइट लगने के चार महीने बाद ही अधिकांश तिरंगा लाइट खराब हो गई। बुधवार को अमर उजाला के संवाददाता ने पड़ताल की तो विभिन्न स्थानों पर लाइटें खराब पड़ी मिली।
गौरतलब है कि नगर परिषद के चेयरमैन डॉ. यशपाल ने 20 मार्च 2025 को शहर को तिरंगे रंग में रंगने की योजना के तहत इन लाइटों का उद्घाटन किया था। नगर परिषद ने 36 लाख रुपये की लागत से 750 लाइटें लगवाई थी। लाइट लगने के कुछ समय बाद ही कई स्थानों पर लाइटें खराब होने लगीं। इसके बाद इस समस्या पर ध्यान नहीं दिया गया।
इन जगहों पर हैं लाइटें खराब
रेलवे रोड, बस अड्डा, मीनार गेट, सिटी थाना, ओल्ड सोहना रोड, आगरा चौक, कमेटी चौक, हुडा चौक मार्गों पर अनेक लाइटें बंद पड़ी हुई है। रेलवे रोड पर करीब 14 में से 12 लाइटें बंद पड़ी हुई है। वहीं, बस अड्डा से मीनार गेट तक 19 में 15 लाइटें बंद है। अलावलपुर फ्लाईओवर, रसूलपुर फ्लाईओवर और अलीगढ़ फ्लाईओवर पर भी अधिकांश तिरंगा लाइटें नहीं जल रही है। राष्ट्रीय राजमार्ग-19 के एलिवेटेड पुल के ऊपर लगाई गई तिरंगा लाइटें बंद पड़ी हुई है।
अवैध होर्डिंग ने सुंदरता की खराब–
स्थिति को और बदतर बना रहे हैं अवैध बैनर व होर्डिंग, जो तिरंगा लाइटों के खंभों पर टांगे जा रहे हैं। इससे न केवल लाइटों की सौंदर्यीकरण ढक जाती है, बल्कि तारों पर दबाव पड़कर तकनीकी क्षति का जोखिम भी बढ़ता है। शहर के रेलवे रोड, बस अड्डा, मीनार गेट, आगरा चौक, कमेटी चौक, सेक्टर-2 चौक और एनएच-19 पर कई पोल होर्डिंग से अटे पड़े है। जबकि नगर परिषद ने होर्डिंग लगाने के लिए पृथक प्वाइंट व टेंडर जारी कर रखे हैं, फिर भी लोग मनमर्जी से बिजली के पोलों और चौराहों पर विज्ञापन लटका रहे हैं।
-
बारिश के कारण तिरंगा लाइट खराब हो जाती है। खराब पड़ी तिरंगा लाइटों को अगले दो दिनों में बदल दिया जाएगा। लाइट के पोल समेत सार्वजनिक स्थानों पर लगे सभी अवैध होर्डिंग हटवाए जा रहे हैं। अवैध होर्डिंग लगाने वालों पर कार्रवाई करते हुए नोटिस और पेनल्टी भी लगाते है।– मनीषा शर्मा, डीएमसी, पलवल