पलवल। बहीन थाना क्षेत्र के मलाई गांव में गोवंश वध के मामले में जिले फास्ट ट्रैक स्पेशल कोर्ट ने राशिद उर्फ रफीक और आशु को दोषी ठहराते हुए दस साल बाद मंगलवार को तीन-तीन साल के कठोर कारावास और प्रत्येक धारा में 30-30 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है। हालांकि, अदालत ने अपील दायर करने का अवसर देते हुए दोनों की सजा 30 दिनों के लिए निलंबित कर अंतरिम जमानत दे दी है।
अदालत के आदेश के अनुसार, दोनों दोषियों को एचजीएसजी एक्ट के तहत सजा सुनाई गई है। दोनों सजाएं एक साथ चलेंगी। प्रत्येक दोषी को एक लाख रुपये का जमानत बांड और इतनी ही राशि का जमानतदार देना पड़ा। अदालत ने दस दिसंबर तक अपील दायर कर संबंधित अदालत से जमानत लेने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस के अनुसार, 25 जून 2016 को बहीन थाना क्षेत्र के मलाई गांव में खेतों के पास गोवंश वध की सूचना पर पुलिस ने छापा मारा था। मौके से करीब 15 किलो मांस, 12 किलो आंत और गाय का सिर बरामद हुआ था। पुलिस के पहुंचने पर आरोपी मौके से फरार हो गए थे। इस मामले में आशु, राशिद और हबीब के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी।