पलवल। शहर थाना क्षेत्र के गांव आमरू और पातली के बीच तेज रफ्तार कार ने सामने से आ रहे थ्री-व्हीलर को टक्कर मार दी। हादसे में थ्री-व्हीलर चालक की मौत हो गई, जबकि उसमें सवार दंपती घायल हो गए। हादसे के बाद कार चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने कार के नंबर के आधार पर अज्ञात चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शहर थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीन कुमार के अनुसार, गांव दुधौला निवासी कुलदीप ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सोमवार की रात करीब नौ बजे वह अपनी पत्नी लतेश कुमारी के साथ भाई के घर बेटे के जन्म की खुशी में अस्पताल जा रहे थे। गांव आमरू से अल्हापुर मार्ग पर पातली की तरफ से आ रही सफेद रंग की किआ सोनेट कार ने उनके थ्री-व्हीलर को टक्कर मार दी। हादसे में चालक तेज सिंह बेहोश हो गया और दंपती भी घायल हो गए। तेज सिंह को नूंह के नल्हड़ अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। लतेश कुमारी का फरीदाबाद के निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
विज्ञापन
पुलिस ने बताया कि कार नंबर के आधार पर विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस फरार वाहन चालक की तलाश में जुटी है।