- परिवार में 15 एकड़ जमीन को लेकर लंबे समय से चल रहा था झगड़ा
संवाद न्यूज एजेंसी
हथीन। कौंडल गांव में शनिवार को पारिवारिक जमीन के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। तीन भाइयों ने अपने दो सगे भाइयों पर घर में घुसकर फरसे और लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। घटना में एक भाई गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने इस मामले में आठ नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घायल प्रहलाद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपने चार भाइयों सोनू, उधम सिंह, लक्ष्मण और सहदेव के साथ गांव कौंडल में रहता है। उनके माता-पिता के निधन के बाद करीब 15 एकड़ कृषि भूमि के बंटवारे को लेकर परिवार में लंबे समय से विवाद चल रहा था। प्रहलाद और सोनू एक साथ रहते हैं, जबकि बाकी तीनों भाई अलग मकान में रहते हैं।
प्रहलाद का आरोप है कि तीनों भाई जमीन पर कब्जा करने की नीयत से कई दिनों से झगड़ा कर रहे थे और पहले भी उन्हें धमकी दे चुके थे प्रहलाद ने बताया कि झगड़े के दिन आरोपी उधम सिंह, लक्ष्मण और सहदेव अपने परिवार के साथ उसके घर में घुस आए और फरसे, लाठियों व डंडों से उस पर हमला कर दिया। जब उसकी पत्नी और भाई सोनू बीच-बचाव के लिए आए, तो उन पर भी हमला किया गया।
हमले में प्रहलाद बुरी तरह घायल हो गया और उसे स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। प्रहलाद का कहना है कि जब वह इलाज करवाकर घर लौटा तो आरोपियों ने दोबारा उसके घर में घुसकर अवैध हथियारों के बल पर धमकाया और परिवार को जान से मारने की कोशिश की। उसने बताया कि पहले शिकायत देने के बावजूद पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की, लेकिन बाद में जब मामला गंभीर हुआ तो एफआईआर दर्ज की गई।
बहीन थाना पुलिस ने पीड़ित प्रहलाद की शिकायत पर उधम सिंह, लक्ष्मण, सहदेव, आशा, बबली, करण, शिवम और मनीष को आरोपी बनाते हुए विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।