संवाद न्यूज एजेंसी
पुन्हाना। बिछौर गांव में लगातार हो रहीं चोरी की घटनाओं को लेकर ग्रामीणों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं। लोगों का कहना है कि शिकायतों के बावजूद पुलिस चोरों पर लगाम नहीं लगा पा रही।लोगों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।
ग्रामीणों के अनुसार सोमवार देर रात चोरों ने गांव के दो घरों को निशाना बनाया। बिछौर निवासी दयाराम ने बताया कि रात करीब तीन बजे चोर घर में घुसे और उनकी जेब से पांच हजार रुपये निकालकर भाग गए। इसी रात चोरों ने नंदकिशोर के मकान में भी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। वहां से चारपाई पर रखा मोबाइल फोन और अलमारी में रखे तीन हजार रुपये चोरी कर लिए। करीब एक महीने पहले भी चोरों ने महेंद्र के घर से डेढ़ लाख रुपये का कैमरा चोरी कर लिया था। इसके अलावा रामू और गिर्राज के घरों से भी मोबाइल चोरी होने की घटनाएं हुईं। मामलों को लेकर थाना प्रभारी सुखबीर सिंह ने बताया कि मामले की शिकायत प्राप्त हुई है। पुलिस जांच कर रही है और जल्द ही आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। संवाद