संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। मूल वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर लिपिकों की हड़ताल 14वें दिन मंगलवार को भी रही। लिपिकों ने कामकाज ठप रख धरना प्रदर्शन जारी रखा। क्लर्क एसोसिएशन वेलफेयर सोसाइटी के तत्वावधान में लघु सचिवालय के समीप स्थित शिव मंदिर पर लिपिकों ने धरना प्रदर्शन किया। इस अवसर पर मांग न मानने पर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। धरने का संचालन महिला क्लर्क सुनीता ने किया।
लिपिक नेता भीम सिंह पोसवाल ने कहा कि लिपिक वर्ग मूल वेतन 19900 से बढ़ाकर 35400 करने की मांग लंबे समय से कर रहे हैं। लंबे समय से लंबित 35400 की मांग पर सरकार के इस प्रकार के गैर जिम्मेदाराना रवैये की वजह से लिपिकों को धरने पर बैठना पड़ा। धरने की वजह से सभी सरकारी कार्यालयों में लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है, जिसकी जिम्मेवार सरकार है। लिपिकों की अनदेखी से लग रहा है कि सरकार को आम जनता से कोई सरोकार नहीं है। आज सबसे ज्यादा काम लिपिकों से लिया जा रहा है। लिपिक वर्ग किसी भी विभाग की रीड की हड्डी होता है। कोई भी कार्य लिपिक से होकर ही जाता है, परंतु लिपिकों की उनकी मेहनत के अनुसार वेतन नहीं मिल रहा है, जिससे लिपिकों में भारी रोष है। जब तक उनकी एकमात्र मांग मूल वेतन 35400 करने को नहीं माना जाएगा, उनकी हड़ताल जारी रहेगी।
इस अवसर पर दीपक कुमार, विजय कश्यप, उमेश, सविता, रेखा, सीमा, वैजंती, भूपेंद्र शर्मा, राजबहादुर रावत, कुलदीप, लखबीर सौरत, पंकज हंस, विजेंद्र सिंह कुमिया, श्रीचंद, राजेंद्र सिंह, नारायण, दिगंबर, रघुनाथ, सतीश, बृजेश हुड्डा, जीवन मुख्य रूप से मौजूद रहे।