पलवल। यमुना नदी से रेती चोरी कर ला रहे चालक ने अपने आप को घिरता देख डंपर को पुलिस पार्टी पर चढ़ाने का प्रयास किया। पुलिस कर्मियों ने इधर-उधर कूदकर अपनी जान बचाई। साथ ही पुलिस ने डंपर के साथ चल रही कार को चालक सहित काबू कर लिया। जबकि डंपर चालक व ट्रैक्टर-ट्राली का चालक अपने वाहनों को छोड़कर फरार हो गए। कैंप थाना पुलिस ने एक नामजद व दो अन्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी राधेश्याम के अनुसार यमुना नदी से चोरी की गई रेती से भरा डंपर व ट्रैक्टर-ट्राली असावटा गांव की तरफ से आ रहे थे। सूचना मिलते ही असावटा मोड़ पर नाकाबंदी की गई। कुछ देर बाद डंपर व ट्रैक्टर-ट्राली आते दिखाई दिए। चालक को रोकने का इशारा किया गया तो उसने पुलिस पार्टी को कुचलने का प्रयास किया और फिर भाग गया। पुलिस कर्मियों ने इधर-उधर कूदकर अपनी जान बचाई।
इसके बाद ट्रैक्टर-ट्राली व डंपर चालक अपने वाहनों को लेकर असावटा फाटक की तरफ भगा ले गए। इसी दौरान आगे फाटक बंद होने के कारण दोनों डंपर व ट्रैक्टर-ट्राली को मौके पर छोड़कर फरार हो गए। कार चालक को पकड़ लिया गया। तीनों वाहनों को कब्जे में लेकर अल्टो कार चालक से नामपता पूछा गया तो उसने अपना नाम संदीप उर्फ भोला निवासी गांव सुलतानपुर बताया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।