मानपुर के सरकारी स्कूल में 1.60 करोड़ से बन रही नई इमारत, लेकिन काम की गति सुस्त
संवाद न्यूज एजेंसी
बहीन। गांव मानपुर के सरकारी स्कूल की नई इमारत का निर्माण एक साल बीतने के बाद भी पूरा नहीं हो सका है। स्कूल प्रबंधन के अनुसार, बीच-बीच में निर्माण कार्य बंद कर दिया जाता है।
स्कूल के प्रधानाचार्य विजय कौशिक, शिक्षक हेमराज और स्कूल मैनेजमेंट कमेटी के सदस्य ऋषिपाल ने बताया कि नई इमारत में कक्षा छठी से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए कक्षाएं संचालित होनी हैं। उन्होंने बताया कि भवन निर्माण सामग्री लाने के लिए स्कूल की चहारदीवारी का एक हिस्सा तोड़ दिया गया था, जिसे अभी तक दोबारा नहीं बनाया गया है। चहारदीवारी टूटी होने के कारण स्कूल परिसर में आवारा पशुओं का आवागमन रहता है। इससे विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।
स्कूल प्रबंधन के अनुसार चाहरदीवारी टूटी होने से रात के समय शराबी और असामाजिक तत्व भी परिसर में प्रवेश कर जाते हैं। कई बार स्कूल परिसर में शराब की बोतलें भी मिली हैं। स्कूल प्रबंधन ने भवन निर्माण कार्य में तेजी लाने और टूटी चहारदीवारी को जल्द ठीक कराने की मांग की है।
वहीं, कार्यस्थल प्रभारी देवेश से बात हुई तो उन्होंने बताया कि बारिश व त्योहार की वजह लेबर अपने घर चले गए। बारिश खत्म होने पर काम करा दिया जाएगा।
लोगों से बातचीत
स्कूल की चहारदीवारी टूटी होने के कारण आवारा पशु और कुत्ते परिसर में आ जाते हैं। इससे विद्यार्थियों और अध्यापकों की सुरक्षा को लेकर खतरा बना रहता है। -विजय कौशिक, प्रिंसिपल
भवन निर्माण में देरी हो रही है। भवन की नींव की खुदाई के दौरान दो-तीन बच्चे गड्ढे में गिर गए थे, जिससे उनके सिर में चोटें आई थीं। इसके बावजूद कार्य की गति धीमी है। -हेमराज, शिक्षक