दो महिलाओं समेत चालक घायल, बॉडीखोठी के नजदीक हुआ हादसासंवाद न्यूज एजेंसी, फिरोजपुर झिरका। फिरोजपुर झिरका से साकरस जा रहा सवारियों से भरा टेंपो गुरुवार को बॉडीखोठी के नजदीक अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में टेंपो में सवार करीब 65 वर्षीय हारुन पुत्र सुका निवासी साकरस की मौत हो गई। वहीं दो महिलाओं समेत टेंपो चालक घायल हो गया।
समीम अहमद एडवोकेट ने बताया कि हादसे में रुकसीना और साहिस्ता नाम की दो महिलाओं को हल्की चोटें आईं। वहीं टेंपो चालक गिर्राज भी घायल हुआ है। उसकी हालत ठीक बताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को कब्जे में लेकर अल आफिया अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। दोनों घायल महिलाओं को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।
सदर थाना प्रभारी सुभाष चंद ने बताया कि मृतक के स्वजन की ओर से अभी पुलिस को कोई शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने के बाद नियमानुसार पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कराई जाएगी। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।