संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। खरीफ विपणन सीजन 2026-27 के तहत धान एवं बाजरा खरीद को लेकर लघु सचिवालय सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। उपायुक्त अखिल पिलानी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि एक अक्टूबर से शुरू होने वाली खरीद के लिए सभी तैयारियां समय रहते पूरी की जाएं, ताकि किसानों को मंडियों में परेशानी न हो। मंडियों में पेयजल, शौचालय, सफाई, बिजली, हेल्प डेस्क समेत अन्य सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में नमी मापक यंत्र, वे-ब्रिज, तौल कांटों की कैलिब्रेशन, बायोमेट्रिक व आइरिस उपकरण, सीसीटीवी, इंटरनेट कनेक्टिविटी और फसल उठान व्यवस्था की समीक्षा की गई। डीसी ने किसानों से अपील की कि धान को अच्छी तरह सुखाकर मंडी में लाएं और नमी 17 प्रतिशत से कम रखने का प्रयास करें। मंडियों में पर्याप्त श्रमिक, तिरपाल, क्रेट व सफाई सामग्री उपलब्ध रखने तथा फसल का नियमित उठान सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए। बैठक में एसडीएम रूहानी, अमित गुलिया, जितेंद्र कुमार और डीएफएससी सीमा शर्मा सहित अधिकारी मौजूद रहे।