उपायुक्त ने सभी आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने के दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। उपायुक्त डॉ. जयेंद्र सिंह छिल्लर ने बृहस्पतिवार को डॉ. भीमराव आंबेडकर राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय का औचक निरीक्षण कर शैक्षणिक व्यवस्था और आधारभूत सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने महाविद्यालय प्रशासन को विद्यार्थियों के लिए बेहतर शिक्षण वातावरण सुनिश्चित करने और सभी आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने कक्षाओं, पुस्तकालय, प्रयोगशालाओं, पेयजल व्यवस्था, शौचालयों, स्वच्छता, सुरक्षा प्रबंध और परिसर की साफ-सफाई का निरीक्षण किया। उन्होंने उपस्थिति रजिस्टर की भी जांच की और परिसर को स्वच्छ एवं हरित बनाए रखने के लिए नियमित पौधरोपण व रखरखाव पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ आधुनिक आधारभूत सुविधाएं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए जरूरी हैं।
उपायुक्त ने विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें अनुशासन, नियमित अध्ययन, कौशल विकास और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी पर विशेष ध्यान देने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान महाविद्यालय प्रशासन ने उन्हें संस्थान की शैक्षणिक उपलब्धियों और भावी विकास योजनाओं की जानकारी दी। निरीक्षण के समय अतिरिक्त उपायुक्त उत्सव आनंद, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जितेंद्र कुमार तथा महाविद्यालय का स्टाफ उपस्थित रहा।