रसूलपुर रेलवे पुल के पास लाइन पार करते समय ट्रेन की चपेट में आया छात्र
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। रसूलपुर रेलवे पुल के पास लाइन पार कर रहे युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। जीआरपी पलवल में कार्यरत जांच अधिकारी धनीराम के अनुसार, शुक्रवार रात सूचना मिली कि रसूलपुर रेलवे पुल के पास रेलवे लाइन पार कर रहे एक युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। वह तुरंत मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लिया। मृतक के पास से मिले दस्तावेजों के आधार पर उसकी पहचान हथीन के भूड़पुर गांव निवासी मुस्तकीम के रूप में हुई। परिजनों के अनुसार मुस्तकीम (22) नेहरू कॉलेज में पढ़ाई करता था। वह किसी कार्य से पलवल आया हुआ था और शुक्रवार की रात करीब नौ बजे वह ट्रैक पार करते हुए ट्रेन की चपेट में आ गया। जिला नागरिक अस्पताल में मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया।
सड़क हादसों में बाइक सवार तीन घायल
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल : गांव बंचारी निवासी रविंद्र कुमार ने शिकायत दर्ज कराई है कि वह बेटे ब्रिजेश के साथ बाइक से बल्लभगढ़ से गांव लौट रहे थे। गांव पृथला के पास पीछे से आई तेज रफ्तार बाइक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे वे दोनों सड़क पर गिर पड़े। हादसे में वह और बेटा घायल हो गए। इस दौरान आरोपी बाइक चालक मौके से फरार हो गया। हादसे में बेटे ब्रिजेश का पैर टूट गया और उन्हें भी गंभीर चोटें आई हैं। वहीं, जिला नूंह के गांव औथा निवासी लोकेश कुमार ने शिकायत दर्ज कराई है कि वह फरीदाबाद से बाइक पर हथीन की तरफ आ रहे थे। गांव दुर्गापुर के पास सामने से आई तेज रफ्तार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने शिकायतों के आधार पर अज्ञात वाहन चालकों के खिलाफ मुकदमे दर्ज कर लिए हैं।