राजकीय स्कूलों में ऑनलाइन होगा 11वीं कक्षा में दाखिला
हथीन। हरियाणा शिक्षा बोर्ड का दसवीं कक्षा का रिजल्ट आने के बाद विद्यार्थी 11वीं कक्षा में दाखिला लेने की तैयारी कर रहे हैं। विद्यार्थियों को 11वीं कक्षा में दाखिले के लिए स्कूल जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। राजकीय स्कूलों में विद्यार्थियों का दाखिला इस बार निशुल्क और ऑनलाइन होगा। यह बात जिला शिक्षा अधिकारी अशोक बघेल ने कही।
विद्यार्थियों को रिकॉर्ड के तौर पर स्कूल हेड के व्हाट्सएप पर दाखिले के लिए माता या पिता के दस्तक वाला एक पत्र भेजना होगा, जिसमें लिखना होगा कि वह किस स्ट्रीम में दाखिला लेना चाहता है। इसी के साथ दसवीं की रिजल्ट कॉपी, आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, एक फोटो और आय प्रमाण पत्र की फोटो अपलोड करना होगा। दाखिला होने के बाद मैसेज के जरिये विद्यार्थी को सूचित किया जाएगा कि उसका विद्यालय में दाखिला सुनिश्चित हो गया है। साथ ही 11वीं कक्षा में संकायों में ली जाने वाली फीस नहीं ली जाएगी, यह दाखिले निशुल्क होंगे। 11वीं के आर्ट्स संकाय के विद्यार्थियों को 689 रुपये प्रतिवर्ष व नॉन मेडिकल के विद्यार्थियों को 989 रुपये प्रतिवर्ष फीस का भुगतान करना पड़ता था। उन्होंने बताया कि शिक्षा निदेशालय द्वारा 11वीं कक्षा के ऑनलाइन व निशुल्क दाखिले के लिए आदेश आए हैं। संवाद