पलवल। अलीगढ़-पलवल मार्ग पर ट्रक की टक्कर से 20 वर्षीय राज्य स्तरीय बॉक्सर की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भिजवाया। साथ ही शिकायत के आधार पर ट्रक को कब्जे में लेकर अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
गांव पेलक निवासी शिवदत्त नेे बताया कि उसका चचेरा भाई पंकज सोमवार रात को करीब 8 बजे बाइक से किसी काम से पलवल की तरफ जा रहा था। जब वह अलीगढ़ रोड पर पलवल के नजदीक पहुंचा, तभी सामने से आ रहे एक ट्रक ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। इसमें उसकी मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वहीं, आरोपी चालक घटना के बाद ट्रक को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। उन्होंने बताया कि उसका भाई बॉक्सर था और राज्य स्तरीय कई प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले चुका था। इनमें उसने प्रथम स्थान भी हासिल किया था।
शिवदत्त ने बताया कि पंकज अपने माता-पिता का एकलौता पुत्र था। जांच अधिकारी रामजीवन ने बताया कि शिकायत के आधार पर ट्रक को कब्जे में लेकर आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।