पलवल। जिला पुलिस अधीक्षक दीपक गहलावत ने बैंक प्रबंधकों को निर्देश दिए हैं कि अपने सीसीटीवी कैमरे दुरुस्त कराएं। हर बैंक में हथियार सहित सुरक्षा कर्मी तैनात किये जाएं। साथ ही पुलिस अधिकारियों को भी लंबित मामले जल्द से जल्द निपटाने के आदेश दिए। उन्होंने ये निर्देश शुक्रवार को यहां बैंक प्रबंधकों के साथ सुरक्षा को लेकर हुई बैठक में दिए।
पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिए कि बैंक में लगा सेंसर अलार्म सही तरीके से कार्य करें। बैंक में 24 घंटे हथियार सहित गार्ड की तैनाती की जाए। सीसीटीवी कैमरे उच्च गुणवत्ता एवं चालू हालत में हो। कैमरे की रिकॉर्डिंग 90 दिन या उससे अधिक होनी चाहिए। बैंक का शटर गुप्त ताले से लैस हो तथा परिसर के शटर पर सेंट्रल लॉक लगा हो। बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे की लोकेशन इस स्थिति में हो कि वह बैंक के अंदर व बाहर की रिकॉर्डिंग कर सके। बैंक कर्मचारियों के पास स्थानीय पुलिस के मोबाइल नंबर जरूर होने चाहिए तथा आपातकालीन स्थिति में 112 नंबर डायल कर भी पुलिस सुविधा उठाएं।
बैठक में भारतीय स्टेट बैंक पलवल, एचडीएफसी, यूनियन बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, आईसीआईसीआई आदि विभिन्न बैंकों के प्रबंधक मौजूद रहे। वहीं, पुलिस अधीक्षक गहलावत ने जिले के पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि थानों व चौकियों में लंबित मामलों को शीघ्र निपटाया जाए। शिकायकर्ताओं की शिकायतों पर गौर किया जाए तथा उन्हें न्याय दिलाया जाए। उन्होंने कहा कि कोई भी मुकदमा लंबित नहीं रहना चाहिए।
फर्जी रबड़ क्लोन मामले में दर्ज हुए 70 से अधिक अभियोग में गिरफ्तार किए गए आरोपियों के संबंध में सभी कमियों को दूर कर चालान समय पर न्यायालय में दिया जाए। निर्देश दिए कि पर्यवेक्षण अधिकारी घटनास्थल पर स्वयं जाकर अनुसंधानकर्ता को निर्देश दें व गाइडलाइन के अनुसार ही अनुसंधान करवाएं। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पीओ बेल जंपर की जमानत रद्द करवाते हुए कानूनी प्रक्रिया के तहत संपत्ति कुर्क प्रक्रिया को भी सुचारू रूप से चलाएं।