पलवल। आपसी कहासुनी को लेकर पांच-छह लोगों ने एक युवक पर लाठी-डंडों से हमला कर घायल कर दिया और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घायल अवस्था में पीड़ित को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। शहर थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर दो नामजद व तीन-चार अन्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
जांच अधिकारी हवलदार राजेश ने बताया कि मथुरा (यूपी) निवासी शिवहरी ने शिकायत दर्ज कराई है कि वह पलवल निजी कंपनी में काम करता है और उसी के साथ गांव रतीपुर निवासी ओमबीर भी काम करता है। 11 जून को ऑफिस से निकलते समय पीड़ित की ओमबीर के साथ किसी बात को लेकर मामूली कहासुनी हो गई जो कि मौके पर समझौता भी हो गया था। शाम को कंपनी से घर जाते समय ओमबीर ने पीड़ित को चौपाल रेस्तरां के समीप बुलाया।
पीड़ित जब चौपाल रेस्तरां के समीप पहुंचा तो वहां पर ओमबीर के साथ बिट्टन व तीन-चार अन्य साथी मौजूद थे। जिन्होंने पीड़ित के पहुंचते ही लाठी-डंडों से हमला कर दिया और जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए।