संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। हरियाणा सरकार द्वारा पिछले 12 वर्षों में अंत्योदय और ग्रामीण विकास को केंद्र में रखकर चलाई गई विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य किया गया है। इसी कड़ी में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत जिले में पात्र परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर प्रभावी कार्य किया जा रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत जिले को कुल 10,626 आवासों का लक्ष्य प्राप्त हुआ था, जिसके मुकाबले 8,660 लाभार्थियों का पंजीकरण किया जा चुका है। इनमें से 8,567 आवासों की जियो टैगिंग तथा 8,357 मामलों में स्वीकृति (सैंक्शन) प्रदान की जा चुकी है। इसके अलावा 8,151 लाभार्थियों के बैंक खातों का सत्यापन भी पूर्ण कर लिया गया है।
लाभार्थियों को समयबद्ध तरीके से वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। अब तक 7,428 लाभार्थियों को पहली किस्त, 4,414 लाभार्थियों को दूसरी किस्त तथा 3,917 लाभार्थियों को तीसरी किस्त जारी की जा चुकी है। योजना के तहत 3,964 आवासों का सत्यापित रूप से निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि कुल 4,433 आवास पूर्ण किए जा चुके हैं।
उपायुक्त अखिल पिलानी ने कहा कि जिला प्रशासन का लक्ष्य प्रत्येक पात्र परिवार को सुरक्षित एवं सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराना है। हरियाणा सरकार की जनहितकारी नीतियों और पारदर्शी कार्यप्रणाली के कारण योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्रों तक पहुंच रहा है। सरकार ने पिछले वर्षों में आवास, पेयजल, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में व्यापक कार्य किए हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के जीवन स्तर में उल्लेखनीय सुधार आया है।