सोमवार के अंक में अमर उजाला में प्रकाशित समगोत्र विवाह को लेकर पनप रहे तनाव की खबर पर प्रशासन ने संज्ञान लिया है। गांवों में उपजे तनाव को देखते हुए सोमवार को प्रशासन अलर्ट पर रहा। डीएसपी बलवीर सिंह ने गांव गुराकसर, पंचानका, अंधरौला एवं अन्य गंावों के पंच-सरपंचों तथा अन्य लोगों को अपने ऑफिस में बुलाकर शांति बनाए रखने की अपील की। वहीं मुस्लिम वेलफेयर एसोसिएशन ने भी मामले का संज्ञान लेते हुए दोनों पक्षों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कानून हाथ में ना लेने की बात कही है।
डीएसपी ने लोगों से कहा कि न्यायिक व्यवस्था का सम्मान करते हुए सभी को शांति बनाए रखनी चाहिए। साथ ही डीएसपी ने चेतावनी भी दी कि यदि किसी ने शांति भंग करने की कोशिश की तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। डीएसपी की चेतावनी को देखते हुए गांवों के लोगों ने खिल्लूका गांव की जो घेराबंदी की हुई थी उसको हटा दिया। पुलिस ने भी व्यवस्था संभालने के लिए गांव गुराकसर एवं जयंती मोड़ पर पुलिस तैनात कर दी।