पलवल। शहर में बाजारों के अंदर लगातार बढ़ रहे अतिक्रमण से ग्राहकों को ही नहीं व्यापारियों को भी परेशानी हो रही है। यहां दुकानदार खुद ही रेहड़ीवालों से पैसे लेकर अतिक्रमण करवा दे रहे हैं। ऐसे में बाजारों में अतिक्रमण के कारण चलना मुश्किल हो गया है। परेशान व्यापारियों ने शहर थाना प्रभारी को भी लिखित शिकायत दी है। साथ ही बैठक कर अतिकमणकारियों के खिलाफ एकजुट होकर अभियान शुरू करने का भी निर्णय लिया गया है। व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द शहर के बाजारों से अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो वे नगर परिषद अधिकारियों के साथ-साथ उपायुक्त कार्यालय पर भी प्रदर्शन करेंगे।
शहर का प्रमुख बाजार महाराजा अग्रसेन द्वार से शुरू होता है। इस बाजार में पलवल शहर ही नहीं देहात व उत्तर प्रदेश के जेवर, जट्टारी, हामिदपुर जैसे क्षेत्रों से भी लोग खरीदारी करने आते हैं। मेवात के लोग भी आते हैं। ऐसे में बाजारों में हर समय भीड़ रहती है। बाजारों में काफी भीड़ होने के कारण वैसे ही चलना मुश्किल रहता है, ऊपर से कुछ समय से बाहर के लोगों द्वारा बाजारों में कुछ फेरीवालों ने दुकानें किराए पर लेकर बाहर सड़कों पर रेहड़ी लगाकर अतिक्रमण कर लिया है। साथ ही नालियों के ऊपर बड़े-बड़े पत्थर रखकर नालियों को बंद कर उन पर भी सामान रखकर कब्जा कर लिया है।
शहर के बाजारों में बाहर से आकर दुकानें करने वालों द्वारा रेहड़ियां सड़क पर दुकानों के सामने खड़ी कर कब्जा किया हुआ है। साथ ही बाहर सड़कों पर बाइक भी खड़ी कर देते हैं। लोग दुकानों के बाहर पैसे लेकर भी रेहड़ियां लगवा रहे हैं। इस बारे में कई बार नगर परिषद अधिकारियों से शिकायत की गई है। अब व्यापारियों की बैठक कर पुलिस को भी शिकायत दी गई है।
-दीपक शर्मा, व्यापारी नेता
दुकानों के बाहर पैसे लेकर रेहड़ी व फड़ लगवाने वालों ने बाजार की सड़कों पर पूरी तरह से अतिक्रमण कर लिया है। जिससे लोगों का पैदल निकलना तक मुश्किल हो गया है। बाजारों में पांच रखने तक की जगह नहीं है। कई बार व्यापारी शिकायत कर चुके हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। हमारी मांग है कि इन अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए तथा बाजारों में से अतिक्रमण हटवाया जाए।
-अश्वनी गंभीर, व्यापारी
कई बार अधिकारियों से इन अतिक्रमण करने वालों की शिकायत की गई है, लेकिन राजनीतिक दबाव के चलते नगर परिषद अधिकारी कोई कार्रवाई नहीं करते हैं। हमारी मांग है कि शहर के बाजारों से अतिक्रमण हटवाया जाए तथा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। साथ ही पैसे लेकर दुकानों के बाहर बाजार में रेहड़ी लगवाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाए।
-लवली, दुकानदार
पुलिस को बाजारों में अतिक्रमण करने व विरोध करने वालों से झगड़ा करने वालों के खिलाफ शिकायत दी गई है। नगर परिषद अधिकारियों को अतिक्रमण की शिकायत से अवगत करा दिया गया है। प्रशासन अतिक्रमण हटवाने के लिए जब भी पुलिस सहायता मांगेगा, पुलिस सहायता दे दी जाएगी।
-अनूप सिंह, थाना प्रभारी पलवल शहर
शहर को साफ-सुथरा रखने के लिए नगर परिषद अधिकारियों को अतिक्रमण हटवाने के आदेश दिए गए हैं, ताकि नालियों के ऊपर हो रहे अतिक्रमण हटने से नालियों को साफ किया जा सके। अतिक्रमण की शिकायतें लगातार मिल रही हैं, जल्द ही अतिक्रमण हटवाए जाएंगे।
-मोनिका गुप्ता, जिला नगर आयुक्त पलवल