पलवल (कपिल शर्मा)। जिला नागरिक अस्पताल में लगाया जा रहा ऑक्सीजन प्लांट एक सप्ताह के अंदर शुरू हो जाएगा। प्लांट के लिए शेड तैयार कर लिया गया है। अगले सप्ताह में मशीन आते ही स्थापित कर दी जाएगी। प्लांट के शुरू होते ही ऑक्सीजन की सप्लाई अस्पताल से जोड़ दी जाएगी। प्लांट शुरू होते ही जिले के लोगों को ऑक्सीजन की परेशानी नहीं होगी। स्वास्थ्य विभाग को भी पानीपत के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।
कोरोना महामारी की दूसरी लहर में ऑक्सीजन की भारी किल्लत ने सरकार व स्वास्थ्य विभाग की तैयारियां विफल कर दी थी। जिला प्रशासन से लेकर स्वास्थ्य विभाग ने दिन रात एक कर जैसे-तैसे जिले के अंदर ऑक्सीजन की सप्लाई को सुचारू रखा। हालांकि, निजी अस्पतालों में ऑक्सीजन की कमी से मरीजों की मौत भी हुई।
अब कोरोना की तीसरी लहर की आशंका के चलते स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुसार जिला के अंदर ऑक्सीजन की किल्लत न हो, इसके लिए जिला नागरिक अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट स्थापित किया जा रहा है। जून माह के अंतिम सप्ताह में अस्पताल में प्लांट लगाए जाने का काम शुरू हुआ। एक माह से पहले ही अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट के लिए शेड तैयार कर ली गई है। अब केवल मशीन आने का इंतजार है। मशीन आते ही प्लांट को शुरू कर दिया जाएगा। संवाद
अगले सप्ताह के शुरुआत में ऑक्सीजन प्लांट में लगाए जाने वाली मशीन पलवल पहुंच जाएंगी, उसके बाद मशीनों को स्थापित कर प्लांट को शुरू कर दिया जाएगा।
- डॉ.लोकवीर सिंह, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी, जिला नागरिक अस्पताल