तावडू के वार्ड-6 और 9 में सीवर ओवरफ्लो से लोगों में रोष
संवाद न्यूज एजेंसी
तावडू। नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड नंबर-9 गौतम नगर और वार्ड नंबर-6 गांधीनगर में पिछले कई दिनों से सीवर जाम होने के कारण गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है। इससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ श्रद्धालुओं को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने संवाद में आरोप लगाया कि जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी लापरवाही बरत रहे हैं। बरसात से पहले सीवरेज सफाई के किए गए दावे फेल साबित हुए हैं और शिकायत करने पर फोन तक नहीं उठाए जा रहे। वार्ड-6 गांधीनगर में मुख्य सीवरेज लाइन को कई जगहों पर ब्लॉक कर दिया गया था, जिसे सीवर लाइन डालने के बाद आज तक मुख्य लाइन से नहीं जोड़ा गया। इसी कारण यहां बार-बार ओवरफ्लो की समस्या सामने आती है। वहीं, वार्ड नंबर-9 की बात करें तो यह रास्ता प्राचीन शिव मंदिर तक जाता है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। 3 अगस्त को निकलने वाली ब्रजमंडल जलाभिषेक यात्रा के मद्देनजर भी यह मार्ग काफी महत्वपूर्ण है। ऐसे में सीवर का पानी सड़क पर बहने से श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों को आवागमन में दिक्कत हो रही है।
कोट
पीएचईडी के एसडीओ को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कार्रवाई नहीं हुई। -पूनम देवी, पार्षद, वार्ड-9
गंदा पानी सड़कों पर बहने से स्थानीय लोगों के साथ श्रद्धालुओं को भी परेशानी हो रही है। -शाहिद गांधीनगर निवासी
अधिकारियों को फोन करते हैं तो कोई जवाब नहीं मिलता। खुद से सफाई करानी पड़ती है। -सलीम, गांधीनगर निवासी
यदि समय रहते सीवर की सफाई नहीं हुई तो परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। -खलील अहमद, गांधीनगर निवासी
विभाग के अधिकारियों को समस्या के समाधान के लिए कहा जाएगा। -सुनीता सोनी, नगर पालिका चेयरपर्सन, तावडू