संवाद न्यूज एजेंसी
पुन्हाना। पुन्हाना-जमालगढ़ रोड पर नालों की सफाई के दौरान खोदी गई बरम और सड़क किनारे बने गड्ढों से परेशान लोगों को आखिरकार राहत मिलने लगी है। नगर पालिका प्रशासन ने सड़क किनारों को दुरुस्त करने और बरम सुधारने का काम शुरू कर दिया है। सप्ताह भर से स्थानीय लोग और दुकानदार इस समस्या से जूझ रहे थे।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री की रैली से पहले नालों की सफाई कराई गई थी। सफाई के दौरान निकाली गई मिट्टी और सड़क किनारों पर खोदी गई बरम को समतल नहीं किया गया था। इसके चलते सड़क के दोनों ओर गड्ढे बन गए थे। सड़क संकरी होने के कारण अक्सर जाम की स्थिति भी बन रही थी।
इस समस्या को लेकर स्थानीय लोगों ने कई बार नगर पालिका प्रशासन से शिकायत की थी, लेकिन समाधान नहीं हो सका। इसके बाद 30 जुलाई के अंक में अमर उजाला ने इस जनसमस्या को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसके बाद नगर पालिका प्रशासन हरकत में आया और सड़क किनारों की बरम को ठीक करने का कार्य शुरू करा दिया।