हथीन सीआईए पुलिस ने एक बाइक चोर को बृहस्पतिवार देर शाम गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की चार बाइक बरामद की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है।
हथीन सीआईए के एएसआई हकमुद्दीन ने जानकारी देते हुए बताया कि मुखबिर की सूचना पर हथीन-उटावड मार्ग स्थित यादव एकेडमी के पास नाकाबंदी कर दी।
कुछ ही देर पश्चात जब रूपडाका गांव निवासी इरफान चोरी की बाइक से आता दिखा तो उसे रुकने का इशारा किया। उसने पुलिस को देख बाइक को भागने की कोशिश कि लेकिन पुलिस ने उसे धर दबोचा और हिरासत में ले लिया।
पूछताछ के दौरान उसने बताया कि उक्त बाइक को उसने हथीन के गांव कोट से 18 मार्च को चोरी किया था। पुलिस ने जब उससे कड़ाई से पूछताछ की तो उसने कई बाइक चोरी करने की वारदातें कबूलीं।
पुलिस ने उसकी निशानदेही से तीनों अन्य चोरी की बाइकों को भी बरामद कर लिया। इरफान ने पुलिस को बताया कि वह बाइक चोरी करने के बाद चिल्ली गांव निवासी आजाद को तीन से पांच हजार रुपये में बेचता था।
पुलिस चिल्ली निवासी आजाद की तलाश में दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि आजाद को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।