पलवल। शहर थाना पुलिस ने वर्ष 2021 में हुए मोबाइल लूट मामले में लंबे समय से फरार चल रहे दूसरे आरोपी रफीक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
शहर थाना प्रभारी निरीक्षक प्रकाश चंद ने बताया कि 16 फरवरी 2021 को नटवर नामक युवक ने शिकायत दी थी। वह दुधोला की एक कंपनी में कार्यरत था और छुट्टी के बाद ऑटो से अपने गांव पैगांव (जिला मथुरा) लौट रहा था। पेट्रोल पंप के पास दो युवकों ने बाइक से आकर उसके हाथ से मोबाइल छीन लिया और फरार हो गए थे।
शिकायत के बाद 17 फरवरी को आरोपी सलमान निवासी शीला कॉलोनी, टप्पल (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से छीना गया मोबाइल और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद की गई। उसका दूसरा साथी रफीक निवासी नरवाड़ी, टप्पल जिला अलीगढ़ (उत्तर प्रदेश) घटना के बाद से ही फरार था। शहर थाने की चौकी भवन कुंड में तैनात एएसआई शाहिद ने उसे गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।