संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। हरियाणा रोडवेज कर्मचारी सांझा मोर्चा की जिला इकाई द्वारा बुधवार को मांगों को लेकर प्रदर्शन कर भूख हड़ताल की। इस अवसर पर रोडवेज महाप्रबंधक को मांगों को ज्ञापन भी सौंपा गया। हड़ताल की अध्यक्षता जिला प्रधान भरत लाल व गंगाराम सौरोत ने संयुक्त रूप से की। वहीं, संचालन परमानंद, कुलबीर देशवाल व राजेश ने संयुक्त रूप से किया। भूख हड़ताल करने वालों में संजय, परविंदर व रविंद्र शामिल रहे।
इस अवसर पर मोर्चा के के वरिष्ठ सदस्य अनिल तेवतिया, वेद व चंद्रपाल ने कहा कि बीती 23 जून को परिवहन मंत्री व उच्च अधिकारियों की अध्यक्षता में मोर्चे के प्रतिनिधिमंडल की वार्ता हुई, जिसमें कर्मचारियों के अवकाशों में कटौती न करने, चालक व परिचालक का पे ग्रेड बढ़ाने, 2016 के चालकों को पक्का करने, 2002 के चालकों को नियुक्ति तिथि से पक्का करने, सहायक स्टोर कीपर व सहायक कैशियर पद समाप्त करने, चालको की स्टैंड इंचार्ज का पद सृजित करके प्रमोशन करने की मांगों पर सहमति बनी थी। अधिकारियों ने इसका परिपत्र जारी करने का आश्वासन दिया था, परंतु अभी तक मांगो को लागू करने के परिपत्र जारी नहीं किए हैं। दूसरी ओर कर्मचारी व विभाग विरोधी फरमान जारी किए जा रहे हैं, जिनमें चालक-परिचालकों का ओवर टाइम सीमित करना, उनके 30 रात्रि ठहराव को घटाकर 10 रात्रि ठहराव सीमित करना, यूनियन नेताओं को द्वेष भावना से ड्यूटी लेकर परेशान करना, बीमार कर्मचारियों से लंबे मार्गों पर ड्यूटी लेना, नियमों को ताक पर रखकर कर्मचारियों के अर्जित अवकाशों में कटौती करना शामिल है।
उन्होंने सरकार व अधिकारियों से चेतावनी देते हुए कहा समय रहते कर्मचारियों की समस्याओं व मांगो का समाधान करें, अन्यथा 14 जुलाई को परिवहन मंत्री आवास को प्रदेश भर के सभी डिपो के कर्मचारी घेराव करके आगामी बड़े आंदोलन की घोषणा करेंगे।