संवाद न्यूज एजेंसी
पिनगवां। लुहिंगा कला-गंगवानी मार्ग पर बने गड्ढों को लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की ओर से दुरुस्त करा दिया गया है। सड़क पर गड्ढे होने के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। अब मरम्मत होने से इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, मार्ग पर जगह-जगह गड्ढे होने से वाहन चालकों को काफी दिक्कत होती थी। खासकर दोपहिया वाहन चालकों को सड़क से गुजरते समय सावधानी बरतनी पड़ती थी। गड्ढों के कारण दुर्घटना होने का भी खतरा बना रहता था। इस मार्ग से आसपास के गांवों के लोग रोजाना अपने कामकाज के लिए आवागमन करते हैं। पीडब्ल्यूडी की ओर से सड़क पर बने गड्ढों की मरम्मत कराए जाने से लोगों ने राहत की उम्मीद जताई है। मरम्मत के बाद वाहन चालकों को पहले के मुकाबले सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि विभाग आगे भी सड़क की स्थिति पर ध्यान देगा, ताकि मार्ग पर दोबारा गड्ढे न बनें और लोगों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।