पलवल। दिल्ली-आगरा राजमार्ग पर अवैध रूप से आरटीओ टैक्स भरवाने का काम करने वालों द्वारा किए हुए अवैध कब्जों को लेकर राजमार्ग प्राधिकरण सख्त हो गया है। प्राधिकरण द्वारा यहां आरटीओ टैक्स भरवाने के बोर्ड लगाकर गलत तरीके से खोखे व अन्य तरीके से कब्जे करने वालों को खदेड़ना शुरू कर दिया गया है।
यह प्रक्रिया सड़क सुरक्षा अभियान को लेकर शुरू की गई है। इससे जहां अवैध कब्जों को राजमार्ग से हटाया जा रहा है, वहीं वाहन चालकों को भी फर्जी तरीके से आरटीओ टैक्स भरकर लूटने वालों से बचाने के लिए यह शुरू किया गया है। दिल्ली राजमार्ग पर पिछले कुछ समय से काफी लोगों द्वारा फर्जी तरीके से आरटीओ टैक्स जमा कराने के केंद्र खोल दिए हैं। इन केंद्रों को खोलकर उक्त लोगों द्वारा राजमार्ग पर सड़क किनारे खोखे रख दिए गए तथा कुछ जगह तो झोपड़ियां तक बना दी गईं। इन पर असामाजिक तत्व बैठे रहते हैं। जो रात के समय वाहन चालकों से लूटपाट तक की वारदात को भी अंजाम दे डालते हैं। इनके बारे में कई बार पुलिस व प्रशासन से शिकायत की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
लगातार बढ़ रही इस समस्या को देखते हुए अब राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा इनके खिलाफ सख्ती बरतनी शुरू कर दी है। प्राधिकरण द्वारा उक्त लोगों को अपने अवैध कब्जे हटाने के लिए नोटिस भी दिए गए थे। नोटिस के बाद भी कब्जों को न हटाने पर प्राधिकरण व टोल प्लाजा टीम द्वारा जेसीबी मशीन ले जाकर इन कब्जों को हटाना शुरू कर दिया। टीम में शामिल कर्मचारियों ने जहां खोखों को हटवा दिया है, वहीं कई जगह से झोपड़ियां तक हटवा दी।
श्रीनगर टोल प्लाजा के प्रबंधक शहनवाज खान ने बताया कि फर्जी रूप से आरटीओ टैक्स भरवाने का काम करने वाले लोग आए दिन वाहन चालकों से झगड़ा करते हैं। साथ ही कई बार टोल प्लाजा की पेट्रोलिंग के साथ भी झगड़ा करते हैं। सोमवार को करीब एक दर्जन कब्जे हटवाए गए। आगे भी ये कब्जे पूरी तरह से हटवाकर सड़क को पूरी तरह से खाली कराया जाएगा। नोटिस भी दिए गए हैं। उसके बाद इनके खिलाफ पुलिस कार्रवाई भी की जाएगी।