सूलपुर से खेड़ला मार्ग की जर्जर हालत।
- फोटो : Palwal
पलवल। गांव रसूलपुर से खेड़ला मार्ग की हालत पिछले लंबे समय से बदहाल है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैैं। इस कारण दोपहिया वाहन चालक गिरकर चोटिल हो जाते हैं। सड़क निर्माण के संबंध में ग्रामीण कई बार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन किसी ने सुध नहीं ली। लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही सड़क का निर्माण नहीं कराया गया तो उच्चाधिकारियों से शिकायत की जाएगी।
गांव रसूलपुर से खेड़ला मार्ग की लंबाई करीब 3 किलोमीटर है। सड़क से रोजाना कई गांवों के लोग आवागमन करते हैं। यह सड़क पलवल-हसनपुर रोड से अलीगढ़ रोड को भी जोड़ती है। मार्ग पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भी बना हुआ है। इस कारण मरीजों को भी भारी परेशानी होती है। गांव रसूलपुर निवासी राजू, सुशील, वासु नंबरदार और बाबू आदि ने बताया कि मार्ग में जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं। सड़क पूरी तरह से उखड़ गई है। सड़क की रोड़ियों से वाहन पंचर हो जाते हैं। कई बार बाइक चालक गड्ढों में गिरकर चोटिल भी हो जाते हैं।
----
पिछले लंबे समय से सड़क टूटी है। इस कारण सड़क पर चलने में काफी परेशानी होती है। इस संबंध में कई बार शिकायत भी की जा चुकी है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
- राहुल बैंसला, स्थानीय निवासी
----
सड़क से रोजाना सैकड़ों लोग गुजरते हैं। गड्ढों में गिरकर चोटिल भी हो जाते हैं। प्रशासन को सड़क का निर्माण जल्द से जल्द करवाना चाहिए, ताकि लोगों को दिक्कत न हो।
- संजीव, स्थानीय निवासी
----
सड़क का इस्टीमेट बनवाकर अधिकारियों को भेज दिया था, जिसे मंजूरी मिल गई है। टेंडर प्रक्रिया की जा रही है। सड़क निर्माण के साथ चौड़ीकरण भी किया जाएगा। जल्द ही काम शुरू करवा दिया जाएगा।
- नरेंद्र यादव, कार्यकारी अभियंता, लोक निर्माण विभाग