हसनपुर में सबसे अधिक 14 मिमी बरसात, बस अड्डा से लेकर रेलवे स्टेशन रोड तक यातायात रहा बाधित
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। पिछले 24 घंटों में जिले में अलग-अलग क्षेत्रों में अच्छी वर्षा दर्ज की गई। बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत तो दी लेकिन शहर की बदहाल जलनिकासी व्यवस्था ने नगर परिषद की तैयारियों की पोल खोल दी। थोड़ी देर की बारिश में ही कई इलाके तालाब में तब्दील हो गए और लोगों के लिए यह बारिश आफत बन गई। तहसीलवार आंकड़ों के अनुसार, हसनपुर में सबसे अधिक 14 मिमी बारिश हुई। वहीं, पलवल में 9 मिमी, हथीन में 8 मिमी, होडल में 5 मिमी और बहिन में 4 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।
बारिश का पानी सड़कों पर भर जाने से बस अड्डा से लेकर रेलवे स्टेशन रोड तक यातायात बाधित हो गया। बस अड्डे पर हालात इतने खराब हो गए कि यात्रियों को पत्थरों पर चलकर बस अड्डा जाना पड़ा। जलभराव के कारण बस अड्डे का शौचालय भी बंद करना पड़ा, जिससे यात्रियों खासकर महिलाओं और बुजुर्गों को दिक्कत का सामना करना पड़ा।
जाम बना आफत
बघोला क्षेत्र में जलभराव की वजह से सोमवार को करीब दो घंटे से ज्यादा समय तक लंबा जाम लगा रहा। जाम में फंसे लोग प्रशासन को कोसते नजर आए। स्थानीय लोगों ने बताया कि नालों की सफाई न होने की शिकायतें पहले भी कई बार की गईं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। सफाई नहीं होने के कारण जलभराव हो गया, जिसके कारण जाम लग गया है।
शहर के राजीव कॉलोनी से लेकर शिव कॉलोनी तक मुख्य सड़कें पानी में डूबी रहीं। सब्जी मंडी का रास्ता भी पूरी तरह जलमग्न हो गया। दुकानदारों ने बताया कि जलभराव के कारण उनकी रोजी-रोटी पर असर पड़ रहा है। शमशाबाद, इस्लामाबाद और मोहन नगर में भी जलभराव की समस्या देखने को मिली।
-
बस अड्डा पर पानी जमा होने के कारण काफी समस्या का सामना करना पड़ रहा है। बस पकड़ने के लिए भी गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है। - लेखपाल, यात्री
बस अड्डा पर पानी भरने के कारण शौचालय जाने में भी समस्या हो रही है। जलजमाव के कारण शौचालयों को बंद कर दिया गया है। इससे काफी परेशानी हो रही है। - आकाश शर्मा, यात्री
मुझे बल्लभगढ़ जाना है लेकिन बघोला में जाम लगने के कारण कई घंटों से यही पर जाम में फंसे हुए हैं। जलभराव और रास्ता टूटे होने के कारण लोग पैदल भी नहीं जा सकते हैं।- गुड्डू, यात्री
बल्लभगढ़ में पिछले दो घंटों से जाम लगा हुआ है। यात्रियों को और ड्राइवरों को काफी परेशानी हो रही है। नगर परिषद और प्रशासन को रास्ता बनाना चाहिए ताकि लोगों को परेशानी नहीं हो। - हरिओम, ड्राइवर