संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। जिले की पांचों अनाज मंडियों में 25 अक्तूबर तक कुल 37,737 मीट्रिक टन(एमटी) बाजरे की खरीद की जा चुकी है। उपायुक्त अखिल पिलानी ने अधिकारियों को खरीद प्रक्रिया सुचारु रखने और किसानों को मंडियों में सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उपायुक्त ने कहा कि किसानों को गेट पास, फसल की खरीद, माप-तोल और भुगतान के दौरान किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। मंडियों में बिजली, पेयजल, शौचालय और स्वच्छता की व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ फसल में नमी की जांच तथा खरीदे गए बाजरे के उठान पर नियमित निगरानी रखी जाए।
मंडीवार आंकड़ों के अनुसार, तावड़ू में सर्वाधिक 14,967.90 मीट्रिक टन बाजरे की खरीद हुई है। पुन्हाना मंडी में 11,110.10 मीट्रिक टन, फिरोजपुर झिरका में 9,655.40 मीट्रिक टन, नूंह में 1,710.80 मीट्रिक टन और पिनगवां मंडी में 292.80 मीट्रिक टन बाजरा खरीदा गया है।
25 अक्तूबर को जिले में कुल 9.50 मीट्रिक टन बाजरे की खरीद हुई, जिसमें तावड़ू मंडी में चार और फिरोजपुर झिरका मंडी में 5.50 मीट्रिक टन खरीद शामिल हैं। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खरीदे गए बाजरे का समय पर उठान किया जाए और किसानों को निर्धारित समय सीमा में भुगतान मिले। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने को कहा, ताकि किसानों को अनावश्यक इंतजार न करना पड़े।