नमाज अदा कर देशभर में शांति की दुआएं मांगी
पलवल। जिले में बुधवार को ईद-उल-फितर पर मुस्लिम समाज के लोगों ने ईदगाहों व मस्जिदों में जाकर विशेष नमाज अदा की। इस मौके पर देश में शांति की दुआएं मांगी। लोगों से बुराइयों को त्यागने का आह्वान किया गया। पलवल में हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के पास स्थित ईदगाह में सुबह करीब आठ बजे बकरीद की नमाज अदा की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुस्लिम वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष हाजी युनूस अहमद ने की। संचालन हाजी हनीफ अहमद एडवोकेट ने किया।
हालांकि मुस्लिम समाज के लोग सुबह सात बजे से ही ईदगाह पर पहुंचना शुरू हो गए थे। ईदगाह के आसपास पुलिस सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पलवल में ईदगाह पर हाफिज इमरान द्वारा नमाज अदा कराई गई। मुस्लिम समाज के लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर बधाई दी। बाद में घरों में मीठी खीर, जरदा बनाया गया तथा मेहमानों को खिलाया गया।
इस अवसर पर सुबह से ही हाजी युनूस अहमद के घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। कार्यक्रम में हाफिज अमरान, मौलाना अब्दुल मजीद अहमद, सुलेमान, मोहम्मद इदरीश, हाजी मुमताज, अब्दुल रज्जाक, हाजी शमशेर, अलीमुद्दीन, कुरूर, रसीद, मोहम्मद इरशाद, मोहम्मद रसीद, यासीर, डा. असरफ, वली मोहम्मद, डा. राजू, डा. शमीम, इकराम, आसिफ, साबुद्दीन, जुनैद, अब्बास खान, आमिर खान, लियाकत मौजूद थे।
वहीं हथीन शहर सहित आसपास के मेव-मुस्लिम बाहुल्य गांवों में ईद का पर्व बडे़ ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। शहर की जामा मस्जिद (दारुल उल उलूम अबदिया मदरसा) में हजारों लोगों ने ईद की विशेष नमाज अदा की। दारुल उल उलूम अबदिया मदरसा के इमाम मौलाना हासिम ने ईद की नमाज अदा कराई व मुल्क में अमन-शांति एवं भाईचारा बनाए रखने की दुआ की। शहर की जामा मस्जिद में शहर के अलावा आसपास के मेव-मुस्लिम गांवों रूपडाका, उटावड, कोट, मलाई, लखनाका, गुराकसर आदि में भी ईद का त्यौहार बडे़ ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया गया। वहीं हर वर्ष की भांति इस बार भी हिंदू-मुस्लिम भाईचारे की मिसाल देखने को मिली। दोनों समुदाय के लोगों ने एक दूसरे को ईद की मुबारक बाद दी व हिंदू भाइयों को दावत दी। कांग्रेस के जिला संगठन सचिव इजराइल खान, भाजपा पूर्व सैनिक मोर्चा के जिला सहसंयोजक कर्नल राजेन्द्र सिंह रावत ने गांवों में पहुंचकर लोगों को ईद उल फितर की शुभकामनाएं दी।