ओबीसी का एटीएम काट लाखों रुपयों की चोरी
पलवल। जिले में बैंकों द्वारा लगाए गए एटीएम की सुरक्षा राम भरोसे चल रही है। पुलिस प्रशासन की लाख कोशिशों के बाद भी एटीएम उखाड़ ले जाने व एटीएम काटने की घटनाओं में कोई कमी नहीं आ रही है। पिछले दिनों हसनपुर में बदमाशों द्वारा एटीएम को उखाड़कर ले जाने की घटना से भी प्रशासन ने कोई सबक नहीं लिया। उस घटना के बाद अगर पुलिस प्रशासन व बैंक अधिकारी कोई सबक ले लेते तो और एटीएम उखाड़ने व काटने की घटनाएं नहीं होतीं। एक बार फिर 4 जून की देर रात बदमाश पलवल के गांव औरंगाबाद स्थित ओरियंटल बैंक ऑफ कॉमर्स की एटीएम को काटकर मशीन से 6.63 लाख रुपये निकालकर ले गए। एटीएम काटकर पैसे निकलने के मामले ने एटीएम सुरक्षा की पोल खोलकर रख दी है। जिले में विभिन्न बैंकों के करीब 200 से ज्यादा एटीएम लगी हुई है। लेकिन अधिकांश मशीनों पर एक्का दुक्का की सुरक्षा गार्ड तैनात मिलते हैं।
जबकि एटीएम पर सुरक्षा के लिए एक गार्ड होना जरूरी होता है। एटीएम के बाहर व अंदर सीसीटीवी कैमरे का होना जरुरी है। यहां मौजूद गार्ड अगर हथियार बंद हो तो एटीएम व उससे रुपये निकालने वाले ग्राहकों की सुरक्षा की जा सकती है। लेकिन जयादातर एटीएम पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरा बंद पडे रहते हैं। न्यू कालोनी रोड़ स्थित एचडीएफसी व एक्सिस बैंक के एटीएम पर गार्ड मौजूद नही रहते मौजूद। मीनार गेट स्थित एक्सिस बैंक पर भी कोई गार्ड नहीं रहता मौजूद। इसके अलावा बस अड्डा व रेलवे रोड़ स्थित दो एटीएम पर भी सुरक्षा से संबंधित कोई इंतजाम नहीं मिला।गांव औरंगाबाद स्थित ओरिएंटल बैंक ऑफ़ कॉमर्स की एटीएम को काटकर चोर लाखों रुपये चुरा ले गए। सदर थाना पुलिस ने शाखा प्रबंधक की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी हवलदार मनोज कुमार के अनुसार ओरिएंटल बैंक ऑफ़ कॉमर्स के शाखा प्रबंधक विमल कुमार भाटिया ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 4 जून की देर रात चोर गांव औरंगाबाद स्थित बैंक की एटीएम को काटकर मशीन से 6.63 लाख रुपये चुरा ले गए। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।